13 फरवरी को नहीं होगी राज्यसभा की बैठक, सभापति एम वेंकैया नायडू ने की घोषणा

सभापति ने उच्च सदन में बजट चर्चा के दौरान सत्र शनिवार को नहीं चलने की घोषणा की।

नई दिल्ली। राज्यसभा की बैठक अब शनिवार को नहीं होगी तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को ही उच्च सदन में बजट पर चर्चा का जवाब देंगी। सभापति एम वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।

सभापति ने उच्च सदन में बजट चर्चा के दौरान घोषणा की, ‘‘आज सुबह कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई थी। बजट पर चर्चा और जवाब कल तक पूरा हो जाएगा। सत्र शनिवार को नहीं चलेगा।’’

नायडू ने कहा कि कल कोई गैर सरकारी कामकाज नहीं होगा। आज सभा की बैठक तीन बजे तक चलेगी। साथ ही कहा कि वित्त मंत्री का जवाब कल होगा जिसका समय बाद में बताया जाएगा।

संसद के बजट सत्र का पहला चरण पहले की घोषणा के अनुसार 29 जनवरी से 15 फरवरी तक चलना था। बाद में तय किया गया कि दोनों सदनों की शनिवार को बैठक के बाद वर्तमान सत्र का पहला चरण संपन्न हो जाएगा।

सभापति की इस घोषणा के बाद उच्च सदन में बजट सत्र का पहला चरण अब शुक्रवार को ही संपन्न हो जाएगा। बजट सत्र का दूसरा चरण आठ मार्च से आठ अप्रैल तक चलने का कार्यक्रम है।

First Published on: February 11, 2021 2:53 PM
Exit mobile version