किसान आंदोलन की वापसी: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा, खुशी है कि किसान भाई संतुष्ट होकर घर लौट रहे हैं


केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किसान संघों के प्रदर्शन स्थगित करने के फैसले का स्वागत करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी को केंद्र तथा राज्य दोनों में पार्टी की सरकारों द्वारा किए गए कामों को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना एजेंडा तय करने में मदद मिलेगी।


भाषा भाषा
देश Updated On :

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किसान संघों के प्रदर्शन स्थगित करने के फैसले का स्वागत करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी को केंद्र तथा राज्य दोनों में पार्टी की सरकारों द्वारा किए गए कामों को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना एजेंडा तय करने में मदद मिलेगी।

संयुक्त किसान मोर्चा ने बृहस्पतिवार को किसानों का प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की,लेकिन किसान नेता गुरनाम सिंह चडूनी ने आगाह किया कि अगर उनकी मांगें 15 जनवरी तक पूरी नहीं की जाती हैं तो वे प्रदर्शन बहाल करने का फैसला ले सकते हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जाट समुदाय से भाजपा के प्रमुख नेता बालियान ने कहा कि पार्टी की स्थिति में सुधार आएगा क्योंकि ‘‘नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उठाए कदमों से संतुष्ट होकर ’’ किसान घर लौट रहे हैं।

उन्होंने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘यह न केवल मेरे लिए बल्कि हम सभी के लिए खुशी की बात है और वे सरकार के कदमों से संतुष्ट होकर घर जा रहे हैं।’’

यह पूछे जाने पर कि तीन विवादित कृषि कानूनों को निरस्त करने का केंद्र का फैसला आगामी चुनावों को देखते हुए लिया गया है, इस पर बालियान ने कहा कि राजनीतिक दल हमेशा चुनावों की चिंता करते हैं लेकिन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि ‘‘हमारे किसान भाई संतुष्ट होकर घर लौट रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अच्छी स्थिति में है और इसमें अब सुधार आएगा। गांवों में लोग हमसे किसानों के आंदोलन के बारे में पूछते थे। अब हम अपने मुद्दों और केंद्र तथा उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किए गए काम के बारे में बात कर सकते हैं।’’