आज का इतिहास: अंतरिक्ष की अनजान दूरियां नापने निकले थे यूरी गैगरीन, जानिए 12 अप्रैल की अन्य महत्वपूर्ण घटनाएं

12 अप्रैल कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहा है। यूरी गैगरीन पहले अंतरिक्ष यात्री के तौर पर आज ही के दिन अंतरिक्ष की अनजान अथाह दूरियां नापने निकले थे...

नई दिल्ली: 12 अप्रैल कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहा है। यूरी गैगरीन पहले अंतरिक्ष यात्री के तौर पर आज ही के दिन अंतरिक्ष की अनजान अथाह दूरियां नापने निकले थे। इसके अलावा डाक्टर जोनास साल्क ने आज ही के दिन पोलियो के खात्मे की दवा ईजाद करके मानव जाति को इस घातक बीमारी से लड़ने का हथियार दिया था।

भारत की बात करें तो 1978 को 12 अप्रैल के दिन भारत की पहली डबल डेकर रेलगाड़ी बम्बई के विक्टोरिया टर्मिनल से पुणे के लिए अपनी पहली यात्रा पर रवाना हुई थी। इसी साल भारतीय रेलवे की स्थापना के 125 बरस पूरे हुए। देश दुनिया के इतिहास में आज की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है…

1801: विलियम कैरी को फोर्ट विलियम कॉलेज आफ कलकत्ता में बांग्ला भाषा का प्रोफेसर नियुक्त किया गया।

1861: अमेरिका में गृह युद्ध की शुरुआत। दक्षिण के ग्यारह राज्यों ने जैफ़रसन डेविस के नेतृत्व में अमरीका से अलग परिसंघ बनाने की घोषणा के साथ आज़ादी की लड़ाई छेड़ दी।

1885: मोहनजोदड़ो की खोज करने वाले प्रसिद्ध इतिहासकार राखलदास बनर्जी का जन्म।

1927: ब्रिटिश कैबिनेट ने महिलाओं को वोटिंग अधिकार देने का समर्थन किया।

1945: अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रेंकलिन रूजवेल्ट का रहस्यमय परिस्थितियों में निधन।

1946: सीरिया पर फ्रांस का कब्जा समाप्त हुआ।

1955: डाक्टर जोनास साल्क ने पोलियो की दवा ईजाद करने का ऐलान किया।

1961: सोवियत संघ ने अंतरिक्ष में अपना वर्चस्व कायम करते हुए यूरी गैगरीन को अंतरिक्ष में भेजा। वह अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले मानव थे। मेजर यूरी ने बैंकनूर अंतरिक्ष केंद्र से वोस्टॉक नामक अंतरिक्ष यान से उड़ान भरी। उस वक्त उनकी उम्र 27 साल थी।

1973: सूडान ने अपना संविधान बनाया।

1975: अमेरिका ने कंबोडिया में अपनी हार स्वीकार कर ली। कंबोडिया के गृह युद्ध में पांच साल तक हस्तक्षेप करने के बाद अमेरिका ने अपने आपको लड़ाई से अलग कर लिया।

1978: भारत की पहली डबल डेकर रेलगाड़ी बम्बई के विक्टोरिया टर्मिनल से पुणे के लिए अपनी पहली यात्रा पर रवाना हुई।

1981: अमेरिकी अंतरिक्ष यान कोलंबिया पहली बार प्रक्षेपित किया गया।

2007: पाकिस्तान ने ईरान गैस पाइपलाइन पर भारत को मंजूरी दी।

First Published on: April 12, 2022 11:16 AM
Exit mobile version