TOKYO OLYMPIC :मीराबाई चानू को तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर राष्ट्रपति, PM ने दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर ने भारोत्तोलक मीराबाई चानू को तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के लिये बधाई दी।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर ने भारोत्तोलक मीराबाई चानू को तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के लिये बधाई दी।

चानू ने भारत के भारोत्तोलन पदक के 21 साल के इंतजार को खत्म करते हुए महिलाओं के 49 किलोवर्ग में 202 किग्रा (87 किग्रा + 115 किग्रा) वजन उठाकर दूसरा स्थान पाया। इससे पहले कर्णम मल्लेश्वरी के 2000 सिडनी ओलंपिक में भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीता था ।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर तोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत की पदक तालिका में शुरूआत कराने के लिये मीराबाई चानू को बधाई ।’’

 

उन्होंने लिखा, ‘‘भारत को तोक्यो ओलंपिक 2020 में पहला पदक दिलाने के लिये मीराबाई चानू को बधाई। इतना प्रेरणादायी प्रदर्शन जो आने वाले लंबे समय तक याद रखा जायेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। शानदार। ’’

क्रिकेट स्टार जैसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण और गौतम गंभीर ने भी ट्वीट करके चानू को बधाई दी।

सहवाग ने अपने चिर परिचित अंदाज में ट्वीट किया, ‘‘गजब। भारतीय नारी सब पर भारी। मीराबाई चानू नाम याद है। मीराबाई चानू, हम सभी को गौरवान्वित करने और ओलंपिम में रजत पदक जीतने के लिये शुक्रिया। तोक्यो 2020 में और पदक जीतते रहो। ’’

ओलंपिक पदकधारी पहलवान साक्षी मलिक और दो बार राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारोत्तोलक सतीश शिवलिंगम ने भी बधाई दी।

साक्षी ने ट्विटर पेज पर लिखा, ‘‘मीराबाई चानू ने 49 किग्रा महिला भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। बधाई हो मीराबाई चानू। चीयर4इंडिया। ’’

शिवलिंगम ने कहा कि वह मीराबाई चानू को तोक्यो में इतिहास रचते देखकर भावुक हो गये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘इतिहास बन गया। इतना आसान नहीं होता। यह बहुत बड़ी चीज है। मेरी आंखों में आंसू आ गये थे। इस प्रदर्शन को दोहराना किसी के लिये भी आसान नहीं होगा। ’’

First Published on: July 24, 2021 3:23 PM
Exit mobile version