उदयपुर राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, सोमवार को अंतिम संस्कार


अरविंद सिंह मेवाड़ का जन्म 13 दिसंबर 1944 को उदयपुर के सिटी पैलेस में हुआ था। वे मेवाड़ राजवंश के 76वें संरक्षक थे। वे भगवत सिंह के दूसरे बेटे थे। अरविंद सिंह मेवाड़ सिटी पैलेस के शंभू निवास में रहते थे और यही पर उनका इलाज चल रहा था।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली। पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का लंबी बीमारी के बाद रविवार (16 मार्च) तड़के राजस्थान के उदयपुर में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। 81 वर्षीय अरविंद लंबे समय से बीमार थे और उनका उदयपुर स्थित उनके आवास पर उपचार चल रहा था। वे महाराणा प्रताप के वंशज थे। साथ ही अरविंद सिंह एचआरएच होटल समूह के अध्यक्ष भी थे।

वहीं उनके निधन पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, “मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के वंशज के रूप में उन्होंने मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। उनका योगदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दे।”

कल होगा अंतिम संस्कार

बेटे लक्ष्यराज ने एक्स पर शोक संदेश अपलोड करते हुए लिखा कि अत्यन्त दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पिता अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार को निधन हो गया। अंतिम दर्शन सोमवार को प्रातः 7 बजे से होंगे। इसके बाद सोमवार सुबह 11 बजे अंतिम विदाई दी जाएगी। शव यात्रा शम्भू निवास से शुरू होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट होकर महासतियां जाएगी।

सिटी पैलेस के शंभू निवास में रहते थे अरविंद सिंह मेवाड़

अरविंद सिंह मेवाड़ का जन्म 13 दिसंबर 1944 को उदयपुर के सिटी पैलेस में हुआ था। वे मेवाड़ राजवंश के 76वें संरक्षक थे। वे भगवत सिंह के दूसरे बेटे और महेंद्र सिंह मेवाड़ के भाई थे। अरविंद सिंह मेवाड़ सिटी पैलेस के शंभू निवास में रहते थे और यही पर उनका इलाज चल रहा था।

यूके से की थी होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई

अरविंद सिंह मेवाड़ ने शुरूआती शिक्षा अपने घर पर ही प्राप्त की। इसके बाद साल 1957 में उन्हें अजमेर भेजा गया। जहां मेयो कॉलेज से उन्होंने स्कूली पढ़ाई की। इसके बाद साल 1965 में उदयपुर के महाराणा भूपाल कॉलेज से आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया। अरविंद सिंह मेवाड़ ने यूके के सेंट एल्बंस मेट्रोपॉलिटन कॉलेज से होटल मैनेजमेंट की डिग्री ली थी।



Related