उपराष्ट्रपति नायडू ने उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को दी बधाई

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भारतीय अंतरिक्ष अनुंसधान संगठन (इसरो) द्वारा एक साथ कई उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण पर रविवार को बधाई दी और भविष्य में और सफल प्रक्षेपण की कामना की।

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भारतीय अंतरिक्ष अनुंसधान संगठन (इसरो) द्वारा एक साथ कई उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण पर रविवार को बधाई दी और भविष्य में और सफल प्रक्षेपण की कामना की।

इसरो ने नए साल के पहले मिशन में ध्रुवीय रॉकेट के जरिये ब्राजील के अमेजोनिया-1 और 18 अन्य उपग्रहों को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया है। जिस उपलक्ष्य में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी इसरो के वैज्ञानिकों को इस सफलता पर बधाई दी है।

नायडू को उद्धृत करते हुए उपराष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया, ‘‘मैं आज पीएसएलवी-51 के जरिये अमेजोनिया-1 और 18 अन्य उपग्रहों को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करने के लिए इसरो की टीम को बधाई देता हूं। इस साल और कई सफलताओं की कामना करता हूं।’’

नायडू ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर वैज्ञानिक समुदाय और विज्ञान के प्रति उत्सुक लोगों को भी बधाई दी। उन्होंने अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ विज्ञान मानव विकास की जीवनरेखा है। आज हम विज्ञान दिवस बना रहे हैं, आज हम संकल्प लें कि विज्ञान का इस्तेमाल दुनियाभर में शांति, विकास और लोगों के जीवन स्तर को सुधारने में करेंगे।’’

राव के कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसएलवी-सी51 के प्रक्षेपण से इसरो ने साबित कर दिया कि वह दुनिया के अग्रिम अंतरिक्ष संगठनों में एक है। उन्होंने इस सफलता के लिए वैज्ञानिकों, इंजीनियरों एवं अन्य कर्मियों को बधाई दी।

First Published on: February 28, 2021 4:56 PM
Exit mobile version