Weather Updates 24 May : गर्मी में झुलस रहा उत्तर भारत, जानें आने वाले दिनों का क्या रहेगा हाल ?
दिल्ली में शनिवार को सफदरजंग मौसम स्टेशन ने 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
भास्कर न्यूज ऑनलाइन and नागरिक न्यूज ऑनलाइन
देश की राजधानी समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। उत्तर औऱ मध्य भारत दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, यूपी, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ सहित देश के 9 राज्यों में जबरदस्त लू चल रही है। अधिकांश इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री के आसपास दर्ज हो रहा है।
आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना
दिल्ली में शनिवार को सफदरजंग मौसम स्टेशन ने 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक डॉ एन कुमार ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दक्षिणी यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। अगले 5 दिनों में, इन क्षेत्रों में हीट वेव (लू) काफी गंभीर हो सकती है।। कुछ स्थानों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान बताता है कि 28 मई को दिल्ली में थोड़े बादल दिखेंगे और गरज के साथ छींटे पड़ सकती हैं। 29 मई को बारिश की संभावना जरूर है मगर तापमान में दो-तीन डिग्री से ज्यादा की कमी की उम्मीद नहीं है।
पांच राज्यों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग अगले चार दिन के लिए दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब व महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के लिए हीट वेव (लू चलने) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यहां मिल सकती है थोड़ी राहत
IMD ने जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान और हिमाचल प्रदेश के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश का अनुमान लगाया है। स्काईमेट के अनुसार, पंजाब और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। असम, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तटीय कर्नाटक और केरल में गरज के साथ बूंदाबांदी होती रहेगी।
41 डिग्री तक जा सकता है यूपी का तापमान
लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में चढ़ रहा पारा 27 मई तक यूं ही बेहाल करता रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक के मुताबिक, बुधवार तक लखनऊ का तापमान 41 डिग्री सेल्सियम के पार जा सकता है। गुरुवार से तापमान में कमी की उम्मीद है। बादल छाने के साथ शुक्रवार को लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बौछारें भी पड़ सकती हैं।