उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार और हरियाणा समेत किन राज्यों में होगी बारिश ?

मई माह में बारिश के बाद मौसम पिछले 3-4 दिनों से साफ है। इस बीच फिर से भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार (12 मई) को उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जगहों पर बिजली गिर सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के क्षेत्र में क्षोभमंडलीय स्तरों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) बना है। इस कारण मौसम बदल सकता है। दिल्ली में बारिश के साथ ही आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी और आस-पास के इलाकों का अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी यूपी के बिजनौर, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा के अलावा ईस्ट यूपी के श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, झांसी, ललितपुर और औरैया के आस-पास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मधेपुरा, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरनगर, दरभंगा, सुपौल और मधुबनी में बारिश के साथ ही आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है।

पंजाब के अमृतसर, पठानकोट, बठिंडा, लुधियाना, फतेहगढ़ और होशियारपुर में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राजस्थान के अलवर, सीकर, चुरू, बाड़मेर, करौली, जोधपुर और झुंझनू में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

First Published on: May 12, 2026 11:10 AM
Exit mobile version