केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने किया संस्कृति मंत्रालय की पवेलियन का उद्घाटन

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
साहित्य Updated On :

नई दिल्ली। भारत मंडपम में नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला में संस्कृति मंत्रालय पवेलियन का उद्घाटन आज माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ मेले के सम्मानित अतिथि माननीय संस्कृति मंत्री, क़तर, श्री शेख अब्दुलरहमान बिन हमद बिन जस्सिम अल थानी, माननीय संस्कृति मंत्री, स्पेन, श्री अर्नेस्तु उर्तासुन डोमेनेक के साथ ही मान्य संयुक्त सचिव, संस्कृति मंत्रालय, श्री समर नंदा एवं साहित्य अकादेमी की सचिव सुश्री पल्लवी प्रशांत होळकर भी उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि इस बार संस्कृति मंत्रालय के अधीन सभी संस्थाओं को एक साथ एक पवेलियन में स्थान दिया गया है। हॉल सं. 5 में बने इस पवेलियन में 26 संस्थाओं के 35 स्टॉल लगे हैं जिनमें पुस्तकों की बिक्री के साथ ही कुछ महत्वपूर्ण सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। पवेलियन में पुस्तकें विशेष छूट पर 10 – 18 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेंगी। इस दौरान साहित्य अकादेमी द्वारा विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।

सभी अतिथियों ने साहित्य अकादेमी के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। साहित्य अकादेमी की सचिव सुश्री पल्लवी प्रशांत होळकर ने सभी अतिथियों को अकादेमी द्वारा 24 भारतीय भाषाओं में प्रकाशित की जा रही पुस्तकों की जानकारी देते हुए कुछ विशिष्ट पुस्तकों के बारे में भी बताया।

साहित्य अकादेमी एवं अन्य संस्थाओं द्वारा प्रकाशित पुस्तकों के कैटलॉग भी अतिथियों को भेंट किए गए। ज्ञात हो कि साहित्य अकादेमी इस दौरान 18 महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जो हॉल सं. 2 स्थित ‘लेखक मंच’ पर आयोजित होंगे।