
नई दिल्ली। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की अगुआई में क्रिकेट जगत ने दो बार के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दी। वहीं धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिये धन्यवाद। शाम सात बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिये।’’
तेंदुलकर ने धोनी को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, ‘‘भारतीय क्रिकेट में आपका योगदान बहुत बड़ा है महेंद्र सिंह धोनी। एक साथ 2011 विश्व कप जीतना मेरे जीवन का सर्वश्रेष्ठ लम्हा है। आपको और आपके परिवार को आपकी दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।’’ भारतीय कप्तान के रूप में धोनी की जगह लेने वाले कोहली ने कहा कि इस पूर्व कप्तान ने देश के लिए जो किया है उसे हमेशा याद रखा जाएगा।
कोहली ने ट्वीट किया, ‘‘सभी क्रिकेटरों को एक दिन अपनी यात्रा का अंत करना होता है लेकिन जब आप किसी को इतने करीब से जानते हो और वह इस फैसले की घोषणा करता है तो आप अधिक भावुक हो जाते हो। आपने देश के लिए जो किया वह हमेशा सभी के दिलों में रहेगा।’’
भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, ‘‘उनकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना और आपको काम में बेहद पेशेवर के रूप में देखना सम्मान की बात रही। इसकी कोई बराबरी नहीं है। लुत्फ उठाएं।’’
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने धोनी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘‘शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए महेंद्र सिंह धोनी को बधाई। आपके साथ खेलना सम्मान की बात रही। आपका धैर्यवान रवैया और कप्तान के रूप में आपने जो गौरवपूर्ण लम्हे दिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। आपको शुभकामनाएं।’’
अपने चुटीले अंदाज के लिए मशहूर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, ‘‘अब ऐसा खिलाड़ी होना, मिशन इंपॉसिबल है। ना कोई है, ना कोई था, ना कोई होगा धोनी के जैसा। खिलाड़ी आएंगे और जाएंगे लेकिन उसके जितना धैर्यवान नहीं होगा। धोनी इस तरह से लोगों से जुड़ा कि वह कई क्रिकेट प्रेमियों के लिए परिवार के सदस्य की तरह था। ओम फिनिशाय नम:।’’
इसके अलावा क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों इंग्लैंड के पूर्व स्टार बल्लेबाज और अब कमेंटेटर केविन पीटरसन, पूर्व क्रिकेटर व अब सांसद गौतम गंभीर, हरभान सिंह, शिखर धवन, शोएब अख्तर, रमीज राजा, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी महेंद्र सिंह धोनी को शुभकामनायें दी।