चोटिल रोहित के बिना मुंबई का हैदराबाद से होगा कड़ा मुकाबला

शारजाह। अपने पिछले दो मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेजर्स बेंगलोर (आरसीबी) को हराकर लय हासिल कर चुकी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को इंडियन प्रीमियर लीग प्लेऑफ में पहुंचने के लिये मंगलवार को यहां मुंबई इंडियन्स की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा।

हैदराबाद की टीम का नेट रनरेट प्लेऑफ की दौड़ में शामिल दूसरी टीमों से बेहतर है ऐसे में मुंबई को हराकर वे टूर्नामेंट अंतिम चार में जगह पक्की कर सकते हैं। जॉनी बेयरस्टॉ को अंतिम 11 से बाहर करने का कठिन फैसला लेने के बाद टीम सही संयोजन बनाने में कामयाब दिख रही है।

ऋदिमान साहा ने डेविड वार्नर के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में प्रभावित किया है जबकि जेसन होल्डर ने टीम को हरफनमौला खिलाड़ी का विकल्प दिया है। बेंगलोर के खिलाफ पिछले मैच के आखिरी ओवरों में तेज गेंदबाज होल्डर और संदीप शर्मा ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।

आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में जीत दर्ज करने के बाद कप्तान वार्नर ने कहा था,‘‘2016 में भी टीम के सामने ऐसी ही चुनौती थी और हमने आखिरी के तीन मैचों में जीत दर्ज की थी।’’

सनराइजर्स हैदराबाद को यह पता है कि मुंबई इंडियन्स जैसी मजबूत टीम के खिलाफ गलती करने की गुंजाइश बहुत कम होगी, जो अपने पांचवें आईपीएल खिताब की तरफ बढ़ रही है।

चोटिल कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में मुंबई अपने पिछले मुकाबलों में आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स को आसानी से हराकर प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनी। ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह ने नयी और पुरानी गेंद से शानदार स्विंग गेंदबाजी की है।

रोहित की अनुपस्थिति में टीम का नेतृत्व कर रहे कीरोन पोलार्ड प्रभावशाली रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में रोहित को चयन नहीं हुआ है और दो हफ्ते पहले चोटिल (मांसपेशियों में खिंचाव) होने वाले इस खिलाड़ी के उबरने का कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

First Published on: November 2, 2020 2:06 PM
Exit mobile version