14 करोड़ में नीलाम हुए रिचर्डसन, इतनी मोटी बोली सुन आंखों पर नहीं हुआ यकीन

आस्ट्रेलिया के उदीयमान तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी में 14 करोड़ रुपये में बिकने के बाद ‘चेतनाशून्य’ हो गये थे और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था।

क्राइस्टचर्च। आस्ट्रेलिया के उदीयमान तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी में 14 करोड़ रुपये में बिकने के बाद ‘चेतनाशून्य’ हो गये थे और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि पंजाब किंग्स ने उन पर इतनी मोटी बोली लगायी है।

इस सत्र में बिग बैश लीग में सर्वाधिक विकेट लेने वाले रिचर्डसन न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला के लिये क्राइस्टचर्च में अपने होटल के रूप में पृथकवास पर चेन्नई में गुरुवार को चल रही आईपीएल नीलामी को देख रहे थे।

क्रिकेट.कॉम.एयू के अनुसार रिचर्डसन ने कहा, ‘‘मेरा नाम पुकारा गया और एकबारगी तो मुझे ऐसा लगा कि जैसे 20 मिनट तक किसी ने बोली लगायी ही नहीं। तभी किसी ने बोली लगायी जो कि पांच या 10 सेकेंड बाद लगा दी गयी थी लेकिन मुझे यह बहुत लंबा समय लगा।’’

रिचर्डसन ने कहा, ‘‘ मुझे ऐसा लगा कि जैसे मैंने कल मैच खेला हो। कई तरह की भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था और मैं मानसिक रूप से थका हुआ महसूस कर रहा था। एकबारगी उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि उन पर इतनी बड़ी बोली लगायी गयी है।’’

इस 24 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, ‘‘भावनाएं पूरी तरह से हावी थी। ऐसे में आप भूल जाते हो। आपको विश्वास नहीं होता है। आप दोबारा देखते हो (कि आपको कितने में खरीदा गया है), आप तीसरी बार, चौथी बार देखते हो। उसमें थोड़ा समय लगा और मैं अब भी उस पल में जी रहा हूं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चेतनाशून्य हो गया था। मैं उसे देख रहा था लेकिन ऐसा लग रहा था कि जैसे मैं उसे नहीं देख रहा हूं। सब कुछ होने के बाद मैं वास्तव में बेहद उत्साहित था। ’’ रिचर्डसन ने 2017 में अंतररष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद दो टेस्ट, 13 वनडे और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

रिचर्डसन का मानना है कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलना है लेकिन अभी वह इसमें नहीं खेल रहे हैं इसलिए उनके सामने जो हो रहा है वह उनके लिए महत्वपूर्ण है और अभी यह उनके लिए टी20 क्रिकेट है। ’’

First Published on: February 19, 2021 1:20 PM
Exit mobile version