
तोक्यो। तोक्यो ओलंपिक खेलों की नौकायन प्रतियोगिता में चीन की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन के जरिए एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
बुधवार को आयोजित क्वाड्रपल स्कल्स (चार खिलाड़ियों की ‘स्कल्स’) स्पर्धा में चीन के धुरंधरों ने विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
चीनी टीम ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए छह मिनट 0.13 सेकेंड का समय निकाला, जो नीदरलैंड के 2014 में बनाये गये पिछले विश्व रिकार्ड से दो सेकेंड कम था।
वहीं दूसरी ओर पोलैंड की टीम चीन से छह सेकेंड पीछे रही और उसने रजत पदक हासिल किया। आस्ट्रेलिया ने कांस्य पदक जीता जो उसका दिन का चौथा पदक था।
नीदरलैंड ने पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स में अंतिम 500 मीटर में तेजी दिखाकर नया विश्व रिकार्ड बनाया। उन्होंने पांच मिनट 32.03 सेकेंड का समय लिया।
इससे पहले का रिकार्ड पांच मिनट 32.26 सेकेंड का था जो यूक्रेन ने 2014 में विश्व चैंपियनशिप में बनाया था। ग्रेट ब्रिटेन ने इस स्पर्धा का रजत जबकि आस्ट्रेलिया ने कांस्य पदक जीता।
बता दें कि तोक्यो सी फोरेस्ट वाटरवे में तेज हवाओं के बीच छह पदक रेस में नया विश्व एवं ओलंपिक रिकार्ड बनाए गए हैं।