बिहार चुनाव: प्रियंका के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, मोतिहारी में रैली से बदलेगा सियासी समीकरण?

कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आज (26 सितंबर) बिहार दौरे पर हैं। वे पटना के सदाकत आश्रम में दोपहर 12 बजे 2000 से अधिक महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें घरेलू कामकाज करने वाली महिलाएं, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा वर्कर, डॉक्टर, वकील और अन्य प्रोफेशनल महिलाएं शामिल होंगी। इस संवाद के जरिए प्रियंका सीधे तौर पर महिला वोट बैंक से जुड़ने की कोशिश करेंगी।

इसके बाद प्रियंका मोतिहारी पहुंचेंगी और गांधी मैदान में ‘हर घर अधिकार रैली’ को संबोधित करेंगी। कांग्रेस का दावा है कि इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल होंगी। इसके लिए 40 हजार से अधिक कुर्सियां और तीन बड़े झूमर वाले पंडाल लगाए गए हैं। प्रियंका हेलिकॉप्टर से दोपहर 2 बजे मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से बंद गाड़ी में सभा स्थल तक जाएंगी। मंच पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और कांग्रेस सांसद मौजूद रहेंगे। यह पहला मौका है जब प्रियंका गांधी बिहार में किसी बड़े जनसभा को संबोधित करने जा रही हैं। इससे पहले वे अगस्त में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुई थीं।

कांग्रेस का दावा है कि महिलाओं का समर्थन पार्टी को मजबूती देगा और इसका असर बीजेपी पर भी दिखेगा। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि पूरे प्रदेश से महिलाएं पटना संवाद में आ रही हैं और यह कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है।

पिछले चुनावी अनुभवों पर नजर डालें तो प्रियंका गांधी ने असम और उत्तर प्रदेश में सक्रिय भूमिका निभाई थी, लेकिन कांग्रेस को उम्मीद के अनुसार सफलता नहीं मिली। असम में प्रियंका ने गृहिणियों को हर महीने 2000 रुपये और 200 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था, जबकि यूपी में उन्होंने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ 40% टिकट महिलाओं को दिए थे। बावजूद इसके कांग्रेस को सीमित सीटों पर ही जीत मिल सकी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार बिहार में कांग्रेस ने कई बड़े वादे किए हैं। इनमें महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, 25 लाख तक मुफ्त इलाज, छात्रों को फ्री टैबलेट, विधवा और दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर 2500 रुपये करना, भूमिहीनों को जमीन और गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये तक की सहायता शामिल है। इसके अलावा कांग्रेस ने स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपये का ‘बिहार बनाओ स्टार्टअप फंड’ और मनरेगा मजदूरी 300 रुपये प्रतिदिन करने का वादा किया है। प्रियंका गांधी का यह दौरा बिहार की सियासत में कांग्रेस की सक्रियता को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

प्रियंका गांधी के इस दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सोशल मीडिया पर नेताओं और समर्थकों ने स्वागत संदेश साझा किए हैं। सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार में बदलाव का बजेगा डंका, आ रही हैं हमारी नेता बहन प्रियंका। वहीं डॉ. अखिलेश प्रसाद यादव ने लिखा, “मोतिहारी गांधी मैदान में प्रियंका गांधी की कल होने वाली विशाल जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। मीडिया साथियों से बातचीत कर सभा की सफलता के लिए चर्चा की। आप सभी सादर आमंत्रित हैं! 26 सितंबर, 1 बजे गांधी मैदान में आइए और बदलाव का हिस्सा बनिए!

First Published on: September 26, 2025 9:08 AM
Exit mobile version