चिराग पासवान की पार्टी ने बिहार के CM पद पर ठोका दावा!

बिहार में अब सीएम पद पर चिराग पासवान की पार्टी ने दावा ठोक दिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने सोमवार (9 मार्च) को कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं, और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला एनडीए के सीनियर नेता करेंगे।

बिहार की राजधानी पटना में पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर भारती ने कहा कि यह लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के सदस्यों की इच्छा है। भारती ने कहा, ‘‘लोगों की यह इच्छा है।।। लेकिन यह हमारा निजी विचार है। एनडीए के वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।’’

बिहार के सियासी कॉरिडोर में अगले सीएम को लेकर कोई साफ-साफ नहीं बोल रहा। एक तरफ जेडीयू के कार्यकर्ता और समर्थक सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम आगे कर रहे हैं। तो वहीं दूसरी तरफ बिहार में बीजेपी पहली बार अपना सीएम बनने देखना चाहती है। चिराग पासवान का नाम अब इस सूची में जुड़ जाने से बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर बहस और भी तेज हो गई है।

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद सोमवार को पटना की सड़कों पर चिराग पासवान को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर दिखे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने ये पोस्टर लगाए। पोस्टरों में चिराग पासवान के सिर पर ताज पहने दिखाया गया था और उन पर नारे छपे थे कि उन्हें ताज पहनाओ, तभी बिहार का स्वर्ण युग आएगा। मोदी ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। चिराग बिहार के नए नेता बनेंगे और बिहार को चिराग की ज़रूरत है। अब समय आ गया है कि एक युवा मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन सरकार बनाएगा और चिराग मुख्यमंत्री बनेंगे।

नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद राजनीतिक गलियारों में दिग्गज नेता के संभावित उत्तराधिकारियों के रूप में कई नामों की चर्चा शुरू हो गई है। ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि राज्य में किसी महिला को मुख्यमंत्री बनाने पर विचार-विमर्श चल रहा है।

First Published on: March 10, 2026 9:39 AM
Exit mobile version