पटना में बड़ा हादसा, गंगा नदी में डूबने से 3 की मौत

पटना के गांधी घाट पर मंगलवार (26 मई, 2026) को बड़ा हादसा हो गया। गंगा में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंदन कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में की गई है। कुल पांच लोग डूबे थे जिनमें से दो को बचा लिया गया है। चंदन की उम्र 33-34 साल के करीब है तो वहीं अमित 15-16 साल का है।

पटना जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद कार्रवाई की गई और प्रतिनियुक्त नाविकों एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा दो युवकों को बचा लिया गया। तीन के शवों को नदी से बाहर निकाला गया।

बताया गया कि इन शवों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए इनके परिवार को सौंपा जा रहा है। अंचल अधिकारी, पटना सदर एवं अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर को निर्धारित प्रावधानों के आलोक में प्रभावित परिवारों को त्वरित गति से हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है और इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को देखने और यह सुनिश्चित करने के लिए एक डेडिकेटेड टीम तैनात की गई है कि आगे कोई हादसा न हो… हम खास तौर पर माता-पिता और परिजनों से गुजारिश करते हैं कि वे छोटे बच्चों पर कड़ी नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि वे गहरे पानी वाली जगहों पर न जाएं।”

जानकारी के मुताबिक आज (मंगलवार) सुबह करीब आठ बजे कंकड़बाग निवासी 20 वर्षीय समर कुमार अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ गंगा में स्नान करने के लिए गांधी घाट पहुंचा था। नहाते समय समर और उसके दोस्त डूबने लगे। बचाने के लिए कदमकुआं के दरियापुर के रहने वाले चंदन भी स्नान कर रहे थे। वे देखकर सभी को बचाने के लिए गए लेकिन वह भी तेज धार में डूब गए।

First Published on: May 26, 2026 5:51 PM
Exit mobile version