भाजपा में शामिल होते ही रितु जायसवाल का बड़ा बयान

आरजेडी से निष्कासित रितु जायसवाल अब बीजेपी में शामिल हो गई हैं। मंगलवार (26 मई, 2026) को उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली। पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें (रितु जायसवाल) पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर रितु जायसवाल ने कहा कि बीजेपी में शामिल होकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं।

रितु जायसवाल ने कहा, “अब तक मैं एक धारा के साथ थी और एक धारा की बात सुनती थी। निर्लदीय चुनाव लड़ने का मौका मिला तो कहा गया बागी है। हकीकत तो ये है कि परिहार विधानसभा की एक-एक जनता बागी हो चुकी थी…”

इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए रितु जायसवाल ने खुद ही बताया कि उन्होंने क्यों बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया। इस संबंध में कहा, “सबसे बड़ी बात होती है राष्ट्रहित की… जो व्यक्ति, जो पार्टी राष्ट्र को पहले रखती हो, प्रधानमंत्री भी राष्ट्र की बात करते हैं, पहले होता था कि किसी को कैंसर हो जाए और उसके पास पैसे नहीं हैं तो वो उसी दिन से अपनी मृत्यु की तारीख गिनता था कि कब मर जाऊंगा… लेकिन जब से आयुष्मान कार्ड आया है… इससे शक्ति मिली है। अगर किसी महिला का पति बीमार हो जाए तो महिला को लगता है कि मेरा पति बच सकता है क्योंकि प्रधानमंत्री ने हाथ में आयुष्मान कार्ड दिया है।”

पीएम मोदी की तारीफ में रितु जायसवाल यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा, “अब तक मैं एक धारा से प्रभावित रही… लेकिन जब मैं जनता के बीच रही और दोनों धाराओं से वोट मिले तो मैंने देखा कि समस्या तो सबकी एक सी है… क्या ये धारा और क्या वो धारा… और उस समस्या को किसी को दूर करने की चिंता है तो वो नरेंद्र मोदी जी को है।”

First Published on: May 26, 2026 6:15 PM
Exit mobile version