मारा गया नक्सली विवेक यादव, बिहार में 3 तो झारखंड में रखा गया था 15 लाख का इनाम

शव को देखने से लग रहा था कि गोली मारकर उसकी किसी ने हत्या की है। गया पुलिस को विवेक यादव की लंबे समय से तलाश थी। बिहार में तीन लाख और झारखंड में 15 लाख रुपये का उस पर इनाम भी था।

बिहार-झारखंड के इनामी नक्सली विवेक यादव का गया में शव मिला है। गया के डुमरिया प्रखंड के मझौली पहाड़ी के समीप पक्का बांध के पास से उसकी लाश पड़ी थी। शव को देखने से लग रहा था कि गोली मारकर उसकी किसी ने हत्या की है। गया पुलिस को विवेक यादव की लंबे समय से तलाश थी। बिहार में तीन लाख और झारखंड में 15 लाख रुपये का उस पर इनाम भी था।

बताया जाता है कि नक्सली नेता संदीप यादव की मौत के बाद विवेक यादव ने नक्सली संगठन की कमान संभाल रखी थी। पक्का बांध के पास मिली लाश की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पहले अज्ञात समझकर पोस्टमार्टम के लिए शव को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। अज्ञात शव की पहचान में जब पुलिस जुटी तो पता चला कि शव नक्सली विवेक यादव का है। इसके बाद परिजनों ने विवेक यादव के रूप में पहचान भी कर ली।

गया के सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने नक्सली विवेक यादव की हत्या की पुष्टि की है। बताया कि बीते सोमवार को ही उसका शव बरामद किया गया था। पुलिस हत्या का कारण खंगालने में जुटी है। बीते मंगलवार (25 फरवरी) की देर रात मृतक नक्सली विवेक यादव के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उसकी पत्नी सविता देवी ने बताया कि उसे फोन पर इसकी जानकारी मिली थी। हत्या का क्या कारण है यह नहीं पता है। वह नक्सली संगठन में काम करते थे। पत्नी ने कहा कि वह कम उम्र से ही नक्सली संगठन से जुड़े थे।

उधर दूसरी ओर बताया जा रहा है कि मृतक नक्सली विवेक यादव अपनी प्रेमिका से मिलने आया था जहां उसकी हत्या की गई है। फिलहाल हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

First Published on: February 26, 2025 11:16 AM
Exit mobile version