मोकामा गोली कांड पर क्या बोले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार?

जब सीएम नीतीश कुमार से पत्रकारों ने इस घटना को लेकर सवाल किया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए गाड़ी में बैठकर चले गए।

Bihar CM Nitish Kumar पटना से सटे मोकामा में अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच हुई गोलीबारी को लेकर विपक्ष बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है। इसको लेकर अभी तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। शुक्रवार (24 जनवरी) को जब सीएम नीतीश कुमार से पत्रकारों ने इस घटना को लेकर सवाल किया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए गाड़ी में बैठकर चले गए।

दरअसल मुख्यमंत्री बिहार विधानसभा परिसर में कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। आज कर्पूरी ठाकुर की जयंती है। माल्यार्पण के बाद पत्रकारों ने मोकामा में हुए गोली कांड को लेकर सीएम से सवाल किया था, लेकिन नीतीश कुमार ने कुछ भी कहा। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। सीएम नीतीश कुमार के साथ जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्री भी पहुंचे थे। मौके पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी मौजूद थे।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां भी कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। हालांकि बहुत देर वे यहां नहीं रुके। यहां भी बिना कुछ बोले वे चले गए। आज नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा है। इसके लिए सीएम नीतीश कुमार कार्यक्रम के बाद समस्तीपुर के लिए रवाना हो गए।

बता दें कि एक वर्ष पूर्व 24 जनवरी 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर महागठबंधन में साथ रहते हुए लालू प्रसाद यादव पर हमला किया था और कहा था, “कर्पूरी जी परिवारवाद के खिलाफ थे। हम भी कभी अपने परिवार को राजनीति में नहीं लाए, लेकिन कुछ लोग तो परिवार को ही आगे बढ़ाने में रहते हैं।” उसके चार दिन बाद 28 जनवरी को नीतीश कुमार एनडीए में शामिल हो गए थे।

First Published on: January 24, 2025 12:00 PM
Exit mobile version