उन्नाव घटना को लेकर AISA ने दिल्ली में किया प्रदर्शन

नई दिल्ली। उन्नाव की घटना को लेकर आइसा के सदस्यों ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों को हिरासत में ले लिया। वे उन्नाव घटना के विरोध में यहां उत्तर प्रदेश भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।

उन्नाव जिले के असोहा इलाके में बुधवार को तीन किशोरियां चारा लाने के लिए गयी थीं। बाद में वे खेत में बेसुध मिली थीं और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां चिकित्‍सकों ने 15 साल और 14 साल की दो लड़कियों को मृत घोषित कर दिया था। 16 वर्षीय तीसरी लड़की कानपुर के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर है।

आइसा के सदस्यों ने दो किशोरियों की कथित हत्या के खिलाफ यहां उप्र भवन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “उन्नाव में दलित लड़कियों पर हमले के दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई” और तीसरी लड़की के इलाज पर ध्यान देने की मांग की जो वेंटिलेटर पर है।

छात्र संगठन ने एक बयान में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की और कहा कि पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित होना चाहिए। हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को मंदिर मार्ग थाना ले जाया गया।

First Published on: February 19, 2021 5:01 PM
Exit mobile version