नई दिल्ली। किसान आंदोलन के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कथित अनयिमितता की शिकायतें मिलने के बाद शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा में भारतीय खाद्य निगम (FCI) के कई गोदामों की ताबड़तोड़ जांच की।
बता दें कि राज्यों के भारत खाद्य निगम (FCI) के गोदामों और अनाज की भंडारण सुविधाओं पर खाद्यान्न की खरीद के संबंध में छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक लेन-देन वाले स्थानों पर भ्रष्टाचार रोकने के लिए एहतियाती उपायों के तहत यह कार्रवाई की गयी है।
खबरों की माने तो अभी तक पंजाब में 40 और हरियाणा में 10 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। वहीं पंजाब में यह अब तक की सबसे बड़ी रेड है।
इसी के साथ ही जांच के दौरान गोदामों में बड़ी मात्रा में रखे गए चावल और गेहूं के नमूने भी लिए जाने की खबर है। वहीं इस छापेमारी में कोई परेशानी खड़ी न हो इसके लिए अर्धसैनिक बलों की भी मदद ली जा रही है।
सूत्रों कि मानें तो CBI की 20 से अधिक टीमें CRPF की सहायता से पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में छापेमारी को अंजाम दे रही है।
