दिल्ली में सांस लेना मुश्किल, हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा और हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा और हवा में सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत रही।

अधिकारी ने बताया कि दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 10 बजे तक 362 रहा जो ‘बेहद खराब’ की श्रेणी में आता है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच एक्यूआई ‘सामान्य’ 201 और 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 और 400 के बीच एक्यूआई ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

First Published on: December 9, 2020 2:58 PM
Exit mobile version