चलती बस में महिला पुलिसकर्मी से छेड़छाड़, ड्यूटी पर जा रही थी PCR में तैनात कांस्टेबल

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी कांस्टेबल के साथ क्लस्टर बस में चढ़ा और उसके पीछे खड़ा हो गया। इसके बाद उसने गलत तरीके से उसे छुआ। जब कांस्टेबल ने इसपर आपत्ति जतायी तो उसने हेल्मेट से उसपर हमला कर दिया।

नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका इलाके में चलती बस में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ कथित रूप से छेड़खानी की और उसपर हमला कर दिया। घटना बुधवार दोपहर हुई जब पीसीआर इकाई में तैनात कांस्टेबल ड्यूटी पर जा रही थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी कांस्टेबल के साथ क्लस्टर बस में चढ़ा और उसके पीछे खड़ा हो गया। इसके बाद उसने गलत तरीके से उसे छुआ। जब कांस्टेबल ने इसपर आपत्ति जतायी तो उसने हेल्मेट से उसपर हमला कर दिया।

पुलिस ने कहा कि हमले में कांस्टेबल घायल हो गई जबकि आरोपी बस से उतरकर भाग गया। कांस्टेबल को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर है।

उन्होंने कहा कि कोई भी महिला कांस्टेबल की मदद के लिये आगे नहीं आया। यहां तक की बस चालक और मार्शल ने भी मदद नहीं की। चालक का कहना है कि घटना बस से बाहर हुई थी।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने कहा, ‘मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’

First Published on: March 6, 2021 10:42 AM
Exit mobile version