नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने बुधवार को पेट्रोल पर मूल्यवर्धित कर (वैट) घटाने का फैसला किया, जिससे राजधानी में इस वाहन ईंधन की कीमत में करीब आठ रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस कदम से दिल्ली वालों को महंगाई से राहत मिलेगी।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अन्य शहरों की तुलना में सस्ती हो गई हैं।
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पेट्रोल पर वैट को मौजूदा 30 प्रतिशत से घटाकर 19.4 प्रतिशत कर दिया जाए। इससे इसकी कीमत में लगभग आठ रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी।
केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा ,‘‘दिल्ली में आज हमने पेट्रोल काफ़ी सस्ता कर दिया। वैट की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 19.4 प्रतिशत कर दी। एनसीआर के अन्य शहरों के मुक़ाबले दिल्ली में पेट्रोल और डीज़ल सस्ता हो गया। मैं उम्मीद करता हूँ कि इस कदम से दिल्ली के लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी।’’
दिल्ली में आज हमने पेट्रोल काफ़ी सस्ता कर दिया। VAT की दर 30% से घटाकर 19.4% कर दी। NCR के अन्य शहरों के मुक़ाबले दिल्ली में पेट्रोल और डीज़ल सस्ता हो गया।
मैं उम्मीद करता हूँ कि इस कदम से दिल्ली के लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 1, 2021
