नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के घिटोरनी गांव में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की पत्नी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने फोन कर सूचित किया कि कांस्टेबल की पत्नी और दो बेटे घर पर हैं लेकिन कोई दरवाजा नहीं खोल रहा।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) इंगित प्रताप सिंह ने बताया, पुलिस घिटोरनी गांव में घटनास्थल पहुंची और घर का दरवाजा भीतर से बंद पाया। बाद में पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कांस्टेबल सुशील की पत्नी राजेश का शव घर के अंदर पंखे से लटका पाया।
पुलिस ने बताया कि दंपति के दोनों बेटे बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले जिन्हें वसंत कुंज में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बड़े बेटे की हालत स्थिर है लेकिन छोटे बेटे की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि दंपति का विवाह 2014 में हुआ था।
