राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता के पद से हटाने पर संजय सिंह की पहली प्रतिक्रिया

राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा उपनेता के पद से हटा दिया। उनकी जगह पार्टी ने अशोक मित्तल को इस पद की जिम्मेदारी दी है। पार्टी के इस फैसले पर संजय सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। जब मीडिया ने संजय सिंह से इसको लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जो भी बताना था वो राज्यसभा सचिवालय बता दिया है। राज्यसभा सचिवालय को पार्टी का जो फैसला था उससे अवगत करा दिया गया है।

सूत्रों की मानें तो आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को लिखे पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। इसके साथ ही AAP ने राज्यसभा सचिवालय से आग्रह किया है कि सांसद राघव चड्ढा की जगह सांसद अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया जाए।

अशोक कुमार मित्तल ने इस बदलाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”पार्टी में बदलाव एक निरंतर प्रक्रिया है। पहले एनडी गुप्ता उपनेता थे, फिर राघव जी ने पदभार संभाला और अब मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है। कल किसी और को यह मौका मिल सकता है। पार्टी चाहती है कि हर सांसद और नेता अलग-अलग भूमिकाओं से सीखे और अनुभव प्राप्त करे।”

बता दें कि मौजूदा समय में राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सांसद हैं। इनमें से सात पंजाब और तीन दिल्ली से हैं। अशोक कुमार मित्तल और राघव चड्ढा भी पंजाब से ही राज्यसभा के सांसद हैं। आम आदमी पार्टी ने ये फैसला ऐसे समय में लिया है जब पार्टी से जुड़े मसलों पर राघव चड्ढा ‘चुप्पी’ साधे हुए हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कार्यक्रमों में भी वो दिखाई नहीं दे रहे। एक वक्त ऐसा भी रहा है कि जब उनकी गिनती केजरीवाल के सबसे करीबियों में की जाती थी। लेकिन पिछले कुछ महीनों में हालात बदले-बदले दिखे हैं।

First Published on: April 2, 2026 5:18 PM
Exit mobile version