दिल्ली सरकार लॉकडाउन नहीं, टीकाकरण बढ़ाने पर कर रही विचार- पर्यावरण मंत्री

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि आप सरकार लॉकडाउन लगाने पर विचार नहीं कर रही है।

नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि आप सरकार लॉकडाउन लगाने पर विचार नहीं कर रही है और वह अन्य विकल्पों पर गौर कर रही है। राय ने यह भी कहा कि केंद्र को कोरोना वायरस के टीके का निर्यात रोक देना चाहिए और टीकाकरण सभी के लिए खोल देना चाहिए।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ दिल्ली सरकार सभी विकल्पों एवं विचारों पर गौर कर रही है । रात के कर्फ्यू की कोरोना वायरस के प्रसार पर अंकुश लगाने में भूमिका तो है …लेकिन सरकार पूरी तरह उसपर ही निर्भर नहीं है। ’’

राय ने कहा, ‘‘ हम लॉकडाउन लगाने पर विचार नहीं कर रहे हैं। मैं मानता हूं कि हम अन्य वैकल्पिक उपायों से भी उसके प्रसार को रोक सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए टीकाकरण सभी के लिए खोल देना चाहिए।

इसी के साथ पर्यावरण मंत्री ने कहा, ‘‘ यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र ने अपने लोगों को टीका लगाने के लिए मापदंड तय कर दिये हैं जबकि वह टीके का अन्य देशों को निर्यात कर कर रहा है।’’ दिल्ली सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर यहां मंगलवार को रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक का कर्फ्यू लगाया।

First Published on: April 6, 2021 5:49 PM
Exit mobile version