11 हजार फुट की चढ़ाई कर सेना के जवानों ने बर्फबारी में फंसे परिवार को पहुंचायी मदद

जम्मू। जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिला में सैन्यकर्मियों ने 24 घंटे की चढ़ाई के बाद 11 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित नागिनसुर पर्वतीय क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे खानाबदोश बकरवाल समुदाय के एक परिवार को राहत पहुंचाई। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को इस बारे में बताया।

प्रवक्ता ने बताया कि बशीर अहमद अपनी पत्नी, तीन बच्चों और मवेशियों के साथ कठुआ से मारवाह घाटी में नवापंछी के रास्ते में थे। यह समुदाय बर्फबारी के कारण खाद्य सामग्री एवं पशुओं को चारे की कमी होने पर साल में दो बार हरे भरे चारागाह की तलाश में निकलता है।

बताया, छतरू उपसंभाग में सेना की गुज्जर बकरवाल चौकी को फोन कर अहमद ने मदद मांगी जिसके बाद चिनगाम चौकी से फौरन बचाव दल रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के बीच करीब 24 घंटे की चढ़ाई के बाद सैनिक मौके पर पहुंचे और परिवार का पता लगाया तथा उन्हें भोजन, दवाइयों और जरूरी सामग्री दी।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बकरवाल परिवार ने इस मदद के लिए सेना का शुक्रिया अदा किया और बताया कि हर साल उनका डेरा मारवाह घाटी की ओर जाता है और जब भी जरूरत पड़ी है सेना उनकी मदद के लिए आगे आयी है।’’

First Published on: May 17, 2021 2:14 PM
Exit mobile version