कश्मीर में मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकी ढेर, एक पुलिसकर्मी शहीद

जम्मू कश्मीर के बडगाम और शोपियां जिलों में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में तीन अज्ञात आतंकी मारे गए और एक पुलिस कर्मी शहीद हो गया।

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के बडगाम और शोपियां जिलों में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में तीन अज्ञात आतंकी मारे गए और एक पुलिस कर्मी शहीद हो गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे होने के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बडगाम जिले के बीरवाह इलाके के जानीगाम गांव की घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरु हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल ले जाया गया जहां एक ने दम तोड़ दिया।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक शोपियां जिले के बडीगाम में एक अलग मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।  आतंकियों की पहचान और किस समूह से वे जुड़े हुए थे, इस बारे में पता लगाया जा रहा है।

First Published on: February 19, 2021 12:08 PM
Exit mobile version