दो दिन बाद खुला भूस्खलन के चलते बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में भूस्खलन के कारण दो दिन तक आवाजाही स्थगित रहने के बाद रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को एकतरफा यातायात बहाल कर दिया गया। जिले के कैफेटेरिया मोड़ के पास मलबा हटाने के बाद आज तड़के राजमार्ग को खोल दिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक, यातायात (राष्ट्रीय राजमार्ग रामबन) पारुल भारद्वाज ने कहा, “राजमार्ग पर आज (बृहस्पतिवार) ताजा यातायात की अनुमति नहीं दी जा रही है।” पुलिस के अनुसार, पिछले दिनों भूस्खलन के चलते ये राजमार्ग एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन के मलबे को हटाने के बाद रामबन और नाशरी के बीच फंसे यातायात को एकतरफा घाटी की ओर जाने की अनुमति दी गई है। पिछले तीन दिन से बर्फबारी और बारिश होने के बाद सोमवार को राजमार्ग बंद कर दिया गया था।

First Published on: March 25, 2021 1:39 PM
Exit mobile version