जम्मू में TRF के दो आतंकी गिरफ्तार, हथियार एवं गोला-बारूद बरामद

डार पहले भी आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहा है और उनके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह टीआरएफ के लिए काम कर रहा था। उसके साथी की भूमिका के बारे में पता लगाया जा रहा है।

जम्मू। आतंकवादी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फोर्स’ (टीआरएफ) के दो आतंकवादियों को शुक्रवार शाम को स्थानीय पुलिस ने यहां गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आतंकवादियों के कब्जे से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान बैग मिला जिसमे एक एके राइफल, दो मैगजीन तथा 60 कारतूस, एक पिस्तौल, दो मैगजीन तथा 15 कारतूस मिले।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने काजीगुंड के चुरथ के रहने वाले रईस अहमद डार और कुलगाम के अश्मुजी के रहने वाले सबजार अहमद शेख को गिरफ्तार किया। ये दोनों एक कार से श्रीनगर जा रहे थे तभी नरवल बाइपास पर शुक्रवार शाम पुलिस ने उन्हें रोका और गिरफ्तार किया।

आटोमेटिक हथियारों से लैस आतंकवादियों के आने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसओजी ने इलाके में विशेष जांच बिंदु बनाए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब एसओजी दल इलाके में वाहनों की जांच कर रहा था, तब एक कार में सवार लोगों ने वाहन को वहां से भगाने की कोशिश की। संदिग्ध हरकत नजर आने पर दल ने तुरंत वाहन का पीछा किया और दो संदिग्धों को पकड़ लिया, उनके पास से एक बैग भी मिला।

प्रवक्ता ने बताया कि विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट एवं गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने टीआरएफ के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। टीआरएफ लश्कर ए तैयबा से जुड़ा संगठन माना जाता है।

डार पहले भी आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहा है और उनके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह टीआरएफ के लिए काम कर रहा था। उसके साथी की भूमिका के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जम्मू पुलिस पता लगा रही है कि आतंकवादी गतिविधियों को कौन लोग समर्थन दे रहे थे।

First Published on: December 26, 2020 11:24 AM
Exit mobile version