ओरमांझी दुष्कर्म की घटना दिल्ली कांड से भी वीभत्स, पुलिस ने दुष्कर्म का सबूत मांगा: मरांडी


एक वर्ष में 1765 बेटियों की इज्जत तार-तार हुई। प्रत्येक दिन पांच दुष्कर्म व पांच हत्या की घटनाएं घट रही हैं। साहेबगंज, बरहेट से लेकर रामगढ़ व रांची राजधानी की महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।



रांची। भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में पूरी तरह अराजकता की स्थिति है और राजधानी रांची के ओरमांझी में पिछले सप्ताह हुई दुष्कर्म की घटना दिल्ली की निर्भया कांड से भी वीभत्स है। बता दें कि रविवार को रांची में ओरमाझी इलाके में एक लगभग बीस वर्षीय लड़की का सिर कटा निर्वस्त्र शव बरामद किया गया जिसके साथ बलात्कार किए जाने के बाद हत्या की आशंका है।

प्रदेश भाजपा के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि ओरमांझी की बेटी की बलात्कार और हत्या की घटना वीभत्स है और राज्य में पूरी तरह अराजकता की स्थिति हो गयी है। उन्होंने कहा कि अब पानी सर से ऊपर जा चुका है। हेमन्त सरकार राज्य की बेटियों को सुरक्षा देने में पूर्ण रूप से विफल साबित हुई है।

एक वर्ष में 1765 बेटियों की इज्जत तार-तार हुई। प्रत्येक दिन पांच दुष्कर्म व पांच हत्या की घटनाएं घट रही हैं। साहेबगंज, बरहेट से लेकर रामगढ़ व रांची राजधानी की महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने ओरमांझी थाना क्षेत्र की एक दूसरी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक युवती के साथ जब दुष्कर्म हुआ तो थानेदार ने दुष्कर्म की पीड़िता से ही दुष्कर्म के सबूत मांगने का कार्य किया यह किसी लड़की के साथ दोहरे दुष्कर्म के बराबर है। उनका कहना था कि ऐसे थानेदार एवं पुलिस कर्मियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई करे अन्यथा भारतीय जनता पार्टी सड़क पर उतरने को विवश होगी।



Related