
भोपाल। केन्द्र के तीन नये कृषि कानूनों के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने सोमवार को यहां प्रदेश विधानसभा परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष सांकेतिक मौन धरना दिया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया, ‘‘केन्द्र सरकार के नये तीन कृषि कानूनों और किसान आंदोलन के समर्थन में सोमवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में विधानसभा परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष सांकेतिक मौन धरना दिया।’’
किसान आंदोलन का समर्थन:
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के नेतृत्व में आज कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष हाथो में ट्रेक्टर के पुतले के साथ मौन धरना देकर किसानों का समर्थन किया।
“किसानों के साथ, कांग्रेस का हाथ” pic.twitter.com/1gNzF82PG3
— MP Congress (@INCMP) December 28, 2020
उन्होंने कहा कि इस मौन धरने के दौरान कांग्रेस विधायकों ने हाथों में ट्रैक्टर के खिलौने ले रखे थे।
उन्होंने कहा कि धरने के पहले कमलनाथ ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
सलूजा ने बताया कि किसानों के समर्थन में कांग्रेस का आंदोलन सतत जारी रहेगा। कांग्रेस किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ है।