औरंगाबाद हवाई अड्डे का नाम बदलने का आदेश जारी करे केंद्र: उद्धव

मुंबई। औरंगाबाद शहर का नाम बदलने को लेकर चल रहे विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने औरंगाबाद हवाई अड्डे का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी महाराज हवाई अड्डा रखने के संबंध में जल्द से जल्द अधिसूचना जारी करने का केंद्र से अनुरोध किया।

ठाकरे ने इस मांग को लेकर नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने पत्र में पुरी को औरंगाबाद हवाईअड्डे का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखे जाने से संबंधित राज्य मंत्रिमंडल के फैसले से अवगत कराया। संभाजी, मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र थे।

महाराष्ट्र में राकांपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार में शामिल शिवसेना लंबे समय से औरंगाबाद शहर का नाम बदलकर संभाजी नगर रखने की मांग कर रही है। हालांकि, कांग्रेस ने कहा है कि वह ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हैं।

First Published on: January 7, 2021 12:52 PM
Exit mobile version