महाराष्ट्र: प्रदर्शन कर रहे 150 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज

औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर में चीनी विभाग के क्षेत्रीय सहायक निदेशक के कार्यालय के बाहर बिना अनुमति इकट्ठा होने पर पुलिस ने करीब 150 गन्ना किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गन्ना किसान सहायक निदेशक के कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और उन्होंने चीनी सहकारी फैक्टरी के बैंक खाते में जमा किसानों का धन जारी करने की मांग की। अधिकतर किसान जिले के गंगापुर और लासूर इलाके से थे।

उन्होंने बताया कि किसानों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पिछले महीने औरंगाबाद पुलिस ने भाजपा विधायक प्रशांत बांब और 15 अन्य के खिलाफ चीनी फैक्टरी में किसानों द्वारा जमाए कराए गए नौ करोड़ से अधिक रुपये कथित रूप से ऐसे लोगों के खाते में जमा करने पर मामला दर्ज किया था, जो इससे संबंधित नहीं थे।

बांब ने अपने पर लगे आरोपों से इनकार किया है। वह जिले में गंगापुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और गंगापुर सहकारी चीनी फैक्टरी के अध्यक्ष भी हैं।

First Published on: December 6, 2020 12:28 PM
Exit mobile version