पुणे में संपत्ति विवाद बना खूनखराबे की वजह, बेटे ने की पिता और भाई की हत्या

महाराष्ट्र के पुणे के जुन्नर तालुका दोहरे हत्याकांड से दिल दहल गया है, जहां पारिवारिक विवाद के कारण बेटे ने ही अपने पिता और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में स्थानीय लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि यह वारदात संपत्ति विवाद और लंबे समय से चल रहे पारिवारिक तनाव का नतीजा हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।

जानकारी के मुताबिक, जयराम महादू मुकणे (60) और उनके बेटे राजेंद्र जयराम मुकणे (27) की हत्या उनके ही छोटे बेटे बाबजी जयराम मुकणे ने की। आरोप है कि उसने पत्थर से कुचलकर दोनों की हत्या की।

उनके यहां पारिवारिक विवाद काफी समय से चल रहा था और इसी तनाव ने इस खौफनाक घटना को जन्म दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ओतूर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई और व्यक्ति शामिल था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

First Published on: June 3, 2026 7:19 PM
Exit mobile version