एकनाथ शिंदे के साथ पार्टी के भीतर ही होगा खेला? कांग्रेस नेता ने किया हैरान करने वाला दावा

कांग्रेस नेता ने नागपुर में कहा, ''मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में एकनाथ शिंदे की स्थिति बहुत खराब है। ऐसा लगता है कि शिंदे को किनारे किया जा सकता है। मुझे आश्चर्य है कि क्या शिंदे की राजनीतिक उपयोगिता खत्म हो गई है। शिंदेजी को उद्धव (ठाकरे) जी को बाहर करके लाया गया है।''

महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे इन दिनों नाराज हैं। सूत्रों ने बताया कि शिंदे निजी यात्रा पर सतारा जिले में अपने पैतृक गांव चले गए हैं, वो पालक मंत्री (जिला मंत्री) की नियुक्तियों को लेकर नाराज हैं।

इस बीच कांग्रेस ने चौंकाने वाला दावा किया है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार (20 जनवरी) को दावा किया कि एकनाथ शिंदे को हटाया जा सकता है और शिवसेना में नया ‘उदय’ देखने को मिल सकता है। उनका इशारा शिवसेना नेता और राज्य मंत्री उदय सामंत की तरफ था।

कांग्रेस नेता ने नागपुर में कहा, ”मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में एकनाथ शिंदे की स्थिति बहुत खराब है। ऐसा लगता है कि शिंदे को किनारे किया जा सकता है। मुझे आश्चर्य है कि क्या शिंदे की राजनीतिक उपयोगिता खत्म हो गई है। शिंदेजी को उद्धव (ठाकरे) जी को बाहर करके लाया गया है।”

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला करते हुए वडेट्टीवार ने दावा किया, ”महाराष्ट्र में ऐसी राजनीतिक स्थिति बन सकती है जिसमें शिवसेना का तीसरा ‘उदय’ होने की संभावना है।”

उन्होंने दावा किया, “एक उदय (राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत) दोनों नावों पर सवार हैं और उन्होंने (दोनों पक्षों के साथ) बहुत अच्छे संबंध बनाए रखे हैं।”

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को महाराष्ट्र के 36 जिलों के लिए प्रभारी मंत्रियों की घोषणा की। इसी में प्रमुखता नहीं मिलने से एकनाथ शिंदे नाराज बताए जा रहे हैं।

विवाद की वजह से रविवार को नासिक और रायगढ़ के लिए इन नियुक्तियों पर रोक लगा दी गई। एनसीपी की अदिति तटकरे को रायगढ़ का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया, जिससे शिवसेना नेता भरत गोगावाले नाराज हो गए। वहीं नासिक की जिम्मेदारी बीजेपी नेता गिरीश महाजन को दी गई है।

नाराजगी की खबरों को देखते हुए महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और मंत्री गिरीश महाजन शिंदे से मिलने और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए दरेगांव के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस समय विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने के लिए दावोस में हैं।

First Published on: January 20, 2025 7:39 PM
Exit mobile version