कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत का निधन, गहलोत-पायलट ने जताया शोक

जयपुर। वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत का बुधवार को निधन हो गया। वह कुछ दिन से बीमार चल रहे थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने विधायक के निधन पर शोक जताया है।

गहलोत ने सुबह ट्वीट किया, ‘कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वे बीमार थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर पिछले 15 दिन से मैं परिवारजन और डॉक्टरों के संपर्क में था।’ गहलोत ने शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की ईश्वर से प्रार्थना की।

पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने शक्तावत को हमेशा अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहने वाले विनम्र प्रतिनिधि के रूप में याद कर शोक जताया। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेताओं ने विधायक शक्तावत के निधन पर शोक जताया है। बताया जाता है कि शक्तावत कई दिन से बीमार थे।

उल्लेखनीय है कि राज्य में अब तक चार विधायकों का असमायिक निधन हो चुका है जिनमें कांग्रेस के तीन व भाजपा के एक विधायक शामिल हैं। शक्तावत पिछले साल जुलाई में मुख्यमंत्री गहलोत के खिलाफ बगावत करने वाले पायलट खेमे में शामिल थे।

First Published on: January 20, 2021 11:42 AM
Exit mobile version