जैसलमेर में मरू महोत्सव का आयोजन, 24 से 27 फरवरी तक होगा कार्यक्रम

विख्यात मरु महोत्सव का 24 फरवरी से 27 फरवरी तक राजस्थान के जैसलमेर जिले में आयोजन किया जायेगा।

जैसलमेर। विख्यात मरु महोत्सव का 24 फरवरी से 27 फरवरी तक राजस्थान के जैसलमेर जिले में आयोजन किया जायेगा।

मरु महोत्सव के सफल आयोजन, कार्यक्रमों के निर्धारण एवं तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मरु महोत्सव का लोगो जारी किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार मरु महोत्सव ‘‘ नया साल, नयी उम्मीद, नया जश्न’’ की थीम पर केन्द्रित है।

बैठक के दौरान मरु महोत्सव में होने वाले विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों जैसे रम्मत नाटक, घुड़दौड़, विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं, चित्रकला, हेरीटेज वॉक, लोक नृत्य, मिस मूमल, मिस्टर डेजर्ट, सांस्कृतिक प्रोग्राम, पणिहारी मटका रेस, कैमल पोलो आदि को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। महोत्सव के अन्तर्गत विभिन्न चार स्थानों खुहड़ी, गड़ीसर, जैसलमेर एवं सम में स्टार नाईट का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर मोदी ने जिले के सभी लोगों से मरु महोत्सव के दौरान मकानों को सजाने और उनके सामने रंगोली बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि मरु महोत्सव के दौरान स्वयं के घरों को सजाने पर प्रशासन द्वारा उचित पुरस्कार दिया जायेगा। मोदी ने मरु महोत्सव को जैसलमेर की पहचान बताया और कहा कि इस वर्ष मरु महोत्सव के दौरान रात्रि पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने बताया कि मरु महोत्सव-2021 का लाईव प्रसारण यु-ट्युब पर किया जायेगा। मरु महोत्सव के प्रतिदिन होने वाले प्रोग्रामों की जानकारी के लिए शहर में रेलवे स्टेशन, एयर पोर्ट एवं अन्य स्थानों पर डिजिटल वाल लगायी जायेगी, जिससे पर्यटकों को मरु महोत्सव में होने वाले प्रोग्रामों की जानकारी हो सकेगी।

First Published on: February 16, 2021 11:25 AM
Exit mobile version