केरल में UDF ने जारी किया घोषणा-पत्र, गरीबों के लिए 5 लाख मकान बनाने का वादा

भाषा भाषा
दक्षिण भारत Updated On :

तिरुवनंतपुरम। केरल में विपक्षी कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ ने राज्य में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपना घोषण-पत्र ‘‘पीपुल्स मेनिफेस्टो’’ जारी किया। जिसमें सभी सफेद कार्ड धारकों को पांच किलोग्राम चावल नि:शुल्क देने और गरीबों के लिए पांच लाख मकान बनाने का वादा किया गया है।

यूडीएफ ने सबरीमला के भगवान अयप्पा मंदिर की परंपराओं की रक्षा के लिए एक विशेष कानून बनाने और राजस्थान की तर्ज पर शांति एवं सौहार्द विभाग बनाने का भी जनता से वादा किया है। वहीं, सत्तारूढ़ एलडीएफ ने भी गैर नौकरीपेशा घरेलू महिलाओं को पेंशन देने का वादा किया है, साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 1600 से बढ़ाकर ढाई हजार रुपए किया है।

महिलाओं को लुभाने के लिए मोर्चे ने ऐसी माताओं को आयु सीमा में दो वर्ष की छूट देने का वादा किया है जो सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षा देना चाहती हैं। इसके अलावा 40-60 वर्ष की गैर नौकरी पेशा घरेलू महिलाओं को दो हजार रुपए की मासिक पेंशन देने की भी बात घोषणापत्र में कही गई है।

घोषणा-पत्र समिति के अध्यक्ष बेनी बेहानन ने कहा कि कोरोना से प्रभावित लोगों को निशुल्क खाद्य पैकेट आदि सुविधाएं देने की भी बात इसमें कही गई है। केरल में विधान सभा चुनाव को लेकर सत्ता पार्टी और विपक्ष दोनों लोकलुभावन घोषणापत्र जारी किए हैं।



Related