बदरीनाथ धाम से चोरी स्वर्ण मुकुट बरामद, पुलिस ने एक साधु को किया गिरफ्तार

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तराखंड Updated On :

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट चोरी होने के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए एक साधु को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी का हिस्सा और घटना में इस्तेमाल किया गया बैग भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी साधु ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम (ब्रह्मकपाल) में भजन-कीर्तन के लिए ठहरा हुआ था। आरोप है कि 24 जुलाई 2026 की रात उसने भगवान नारायण का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट और आश्रम में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना सामने आने के बाद आश्रम प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी चमोली के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 29 जुलाई को बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया स्वर्ण मुकुट और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के बाद संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भगवान नारायण का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये और घटना में प्रयुक्त काला बैग भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Related