बीजेपी की जीत के अनुमान से उड़ी सीएम ममता की नींद

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया (TMC) ममता बनर्जी का पहला बयान आया है। उन्होंने गुरुवार (30 अप्रैल, 2026) की शाम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा करती नजर आ रही हैं। वीडियो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘230 सीटों पर टीएमसी की बढ़त होगी। हम मातृभूमि और जनमानस की सरकार बनाने जा रहे हैं। जय बंगला!’

वीडियो में ममता बनर्जी ने कहा, ‘नमस्कार! बंगाल की धरती और यहां के लोगों को मेरा प्रणाम, सलाम, जोहार और जय जिरेन। आप सभी अच्छे रहें, स्वस्थ रहें- हम आपके बहुत आभारी हैं। इतनी गर्मी, इतनी मुश्किलों और अत्याचारों के बावजूद आपने जिस तरह लाइन में खड़े होकर वोट दिया, उसके लिए हम आपके कृतज्ञ हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मैं अपने कार्यकर्ताओं का भी दिल से धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने जान की बाजी लगाकर संघर्ष किया, अत्याचार सहे- सेंट्रल फोर्स और स्थानीय फोर्स के संयुक्त दबाव के बावजूद डटे रहे। भारत सरकार की पूरी मशीनरी- प्रधानमंत्री, गृह मंत्री से लेकर 19 राज्यों के बीजेपी नेताओं तक- पैसे, ताकत और हथियारों के सहारे बंगाल के लोगों को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने जवाब वोट बॉक्स में दे दिया।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं आपको भरोसा दिलाना चाहती हूं कि टीवी पर जो दिखाया जा रहा है, वह बीजेपी दफ्तर से जारी एक साजिश है। मेरे पास स्पष्ट जानकारी है कि पैसे देकर यह नैरेटिव फैलाया गया है। असलियत यह है कि हम 200-300 सीटों तक जा सकते हैं, 2026 में 226 पार करेंगे। मुझे जनता के फैसले पर पूरा भरोसा है।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘बीजेपी ने एजेंसियों- ED, CBI, इनकम टैक्स का इस्तेमाल किया, सेंट्रल फोर्स का दुरुपयोग किया। कई जगह महिलाओं, बच्चों और कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ। उदयनारायणपुर में जो व्यक्ति वोट देने गया और मारा गया, उसके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है- हम उनके साथ हैं।’ उन्होंने कहा, ‘कई जगह हमारे कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को भी मारा गया। भवानीपुर में, चक्रबेड़िया में, महिलाओं और बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया। कई लोगों को जानबूझकर गिरफ्तार किया गया ताकि वे एजेंट के रूप में काम न कर सकें। भाटपाड़ा, जगतदल, नोआपाड़ा जैसे कई इलाकों में यही हुआ।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं दो रातों से सोई नहीं हूं। लगातार रेड हुई हैं, लेकिन मैं आपसे कहना चाहती हूं- यह बीजेपी की साजिश है। वे जनता का हक नहीं छीन पाए, इसलिए अब आखिरी खेल मीडिया के जरिए खेल रहे हैं, ताकि लोगों और कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटे। मैं साफ कहना चाहती हूं- 2016 और 2021 में भी ऐसा हुआ था। एग्जिट पोल हमेशा बीजेपी के मुताबिक दिखाए गए। आज देश में निष्पक्षता खत्म हो चुकी है।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं सभी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से अपील करती हूं- काउंटिंग तक सतर्क रहें। 294 सीटों पर हर उम्मीदवार खुद निगरानी करे। दिन में कार्यकर्ता रहें, रात में उम्मीदवार खुद पहरा दें। जरूरत पड़े तो मैं भी खुद पहरा दूंगी। जब EVM मशीनों को स्टोर से काउंटिंग हॉल तक ले जाया जाएगा, तब गड़बड़ी की संभावना रहती है- इसलिए पूरी नजर रखें। काउंटिंग टेबल से लेकर कंप्यूटर अपलोड तक सतर्क रहें, क्योंकि वहां भी बदलाव की कोशिश हो सकती है।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘अगर आपको कहीं जाना हो, तो भरोसेमंद व्यक्ति को बैठाकर ही जाएं- जिसे कोई खरीद न सके। यह छोटी मेहनत बंगाल की जनता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है। सभी शांत रहें, संयम रखें। दीदी पर भरोसा रखें, बंगाल की जनता पर भरोसा रखें। हम ‘मां माटी मानुष’ की सरकार बनाएंगे- यह विश्वास रखें। अगर हम पर हमला भी हो, तो तुरंत जवाब में हिंसा न करें। कानून को हाथ में लेने की जरूरत नहीं है। हम इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे।’

ममता बनर्जी ने कहा, ‘प्रशासन से भी कहना चाहती हूं- बहुत हो चुका। अब काउंटिंग के दौरान किसी पर हाथ न उठाया जाए। बंगाल बाहरी ताकतों का नहीं है- यह बंगाल के लोगों का है। बीजेपी के पास अपने एजेंट नहीं हैं, इसलिए सेंट्रल फोर्स का इस्तेमाल किया गया। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। प्रधानमंत्री चुनाव के बीच बयान देते हैं, लेकिन क्या वह बंगाल की मिट्टी, उसकी संस्कृति, रविंद्रनाथ, नजरुल, नेताजी को जानते हैं? सच यह है कि झूठ और प्रचार के सहारे चुनाव लड़ा गया।’

ममता बनर्जी ने अंत में कहा, ‘मुझे जानकारी है कि पैसे बांटे गए- 3000 रुपये तक दिए गए, लेकिन मैं मानती हूं कि जनता ने सही फैसला लिया है। मैं विश्वास के साथ कहती हूं- मां माटी मानुष जिंदाबाद! तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद! जय बंगला! बंगाल की जीत होगी। चार तारीख तक इंतेजार कीजिए- जनता का जवाब सबको मिल जाएगा। नमस्कार! जय हिंद!जय बंगला!’

बुधवार (29 अप्रैल, 2026) को बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग के बाद शाम को सभी एग्जिट पोल भी आ गए जिनमें दो को छोड़कर बाकी सभी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने की उम्मीद जताई गई है। सिर्फ दो एग्जिट पोल ऐसे थे, जिनमें एक बार फिर बंगाल की सत्ता पर टीएमसी काबिज होती दिख रही है। इनमें टीएमसी के खाते में 178 से 189 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है, जबकि बाकी एग्जिट पोल्स के अनुसार बीजेपी बहुमत के आंकड़े 148 को पार कर सकती है। ये एग्जिट पोल ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका हैं। हालांकि, 4 मई को साफ हो जाएगा कि बंगाल की सत्ता पर किसका कब्जा होगा, लेकिन एग्जिट पोल के बाद ममता बनर्जी का ये पहला बयान है, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है।

‘पोल डायरी’ के सर्वे का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 142 से 171 सीटों के साथ पहली बार सत्ता में आ सकती है। इस सर्वेक्षण के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 से ही संतोष करना पड़ सकता है।

मैट्रिज के एग्जिट में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी 146 से 161 सीटों के साथ सरकार बना सकती है और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिल सकती है और वह सत्ता से बाहर हो सकती है। पी-मार्क ने बीजेपी के लिए 150 से 175 सीटों का अनुमान लगाया है तो टीएमसी को 118-138 सीटें मिलने का अनुमान है।

पीपुल्स पल्स के सर्वे में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटें हासिल करके अपनी सत्ता बरकार रख सकती है। वहीं, बीजेपी को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीट मिलने की संभावना जताई गई है। जनमत पोल्स ने टीएमसी को 195 से 205 के बीच सीटें दी हैं और वोट शेयर 49.50% है। वहीं, बीजेपी को 80-90 सीटें दी हैं।

First Published on: April 30, 2026 6:00 PM
Exit mobile version