महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे और पत्थर, वीडियो शेयर कर बोलीं- ‘घायल हूं, पुलिस तमाशा देख रही’


तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार (1 जुलाई) को कहा कि बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं संग बैठक के दौरान कुछ लोगों ने अंडे फेंके, जिससे वो घायल हो गईं। उन्होंने दावा किया कि उन पर हमला हुआ है और उन्होंने इस घटना के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया।

टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई दखल नहीं दिया। महुआ मोइत्रा ने एक्स पर लिखा कि बीजेपी के गुंडे मुझ पर हमला कर रहे हैं और बंगाल पुलिस तमाशा देख रही है। उन्होंने घटना स्थल का एक वीडियो भी शेयर किया है।

TMC सांसद द्वारा शेयर किए गए वीडियो में लोग उस बिल्डिंग की खिड़की पर अंडे फेंकते हुए दिख रहे हैं, जिसके अंदर से सांसद की आवाज सुनाई दे रही है। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि खिड़की पर अंडे लगने के बाद लोग चिल्ला रहे हैं।

बंगाल के DGP सिद्धार्थ नाथ गुप्ता को भेजे गए एक और वीडियो मैसेज में महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि उनके संसदीय क्षेत्र में एक प्राइवेट ऑफिस में पार्टी की मीटिंग के दौरान बाहर भीड़ जमा हो गई और वहां पर अंडे और पत्थर फेंके गए, जिससे खिड़की के पास जाने पर वह घायल हो गईं। महुआ ने दावा किया कि उन्होंने DGP को फोन करके लोकेशन बताई थी, लेकिन पुलिस के आने के बावजूद उन्होंने भीड़ को नहीं हटाया और बस खड़े होकर तमाशा देखती रही।

बता दें कि हाल के हफ्तों में पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं के साथ ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। खबरों के मुताबिक ऐसी घटनाओं का सिलसिला TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमले से शुरू हुआ। 30 मई को चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए सोनारपुर जाते समय उन पर अंडे फेंके गए।

वीडियो में भीड़ नारेबाजी करते हुए टीएमसी नेता के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करती हुई दिखाई दी। अभिषेक ने इस घटना को राजनीतिक हिंसा और राज्य-प्रायोजित आतंकवाद करार दिया और उनका साथ देने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया।



Related