
नई दिल्ली। गर्मी का प्रकोप अब कुछ कम होता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दस्तक देने से दिल्ली के मौसम में परिवर्तन आया। दिल्ली के अलावा एनसीआर के इलाके और कई राज्यों में गुरुवार शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे मौसम बदला है। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, सात दिन तक चली लू से गुरुवार को राहत मिली। 21 मई से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हो रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक, एक जून तक गर्मी से कुछ राहत रहेगी। राजस्थान के बिकानेर में आज आकाश में हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज और कल यहां हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं बिजली कड़कने के साथ ही कल धूल भरी आंधी भी चल सकती है। आज यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया है।
बिहार के मुजफ्फरपुर में आज मौसम सामान्य है। आकाश में हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने कल यहां हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं कल धूल भरी आंधी भी चल सकती है। आज यहां का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है।
24 घंटों के बाद भारत से खत्म होगी हीट वेव
मौसम विभाग के अनुसार अभी दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा की संभावना बनी हुई है और 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। अगले 4 दिनों तक तापमान 40 डिग्री के नीचे रहने वाला है, 24 घंटों के बाद पूरे भारत से हीट वेव खत्म हो जाएगी।
उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी मैदानी इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम का यह मिजाज 31 मई तक बना रहेगा।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर, केरल, दक्षिणी कर्नाटक और पश्चिमी तमिलनाडु समेत अंडमान द्वीपसमूह में तूफान की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि मेघालय, दक्षिणी असम, नागा 29 मई से 1 जून बीच हो सकती है बारिश।
राजस्थान में पारा 50 डिग्री पहुंच गया
राजस्थान भीषण गर्मी में उबल रहा है। पारा 50 डिग्री पहुंच गया है। राजस्थान में आमतौर पर मई के मध्य के बाद से जून के मध्य तक भीषण गर्मी देखने को मिलती है। इस साल गर्मी का असली रंग मई के दूसरे पखवाड़े से ही शुरू हो गया है, मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 29 मई से 1 जून के बीच राजस्थान के कई जिलों में काफी अच्छी वर्षा दर्ज की जाएगी। तापमान में भी गिरावट जाएगी और गर्मी से कुछ समय के लिए बड़ी राहत मिलेगी।