
केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने उत्तर प्रदेश और गोवा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत का दावा किया है। उन्होंने यूपी में कानून और व्यवस्था में बदलाव और विकास को बड़ा कारण बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि गोवा में आम आदमी पार्टी की मौजूदगी भी भाजपा को जीतने में मददगार साबित होगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने भारत में टेस्ला और कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद पर भी चर्चा की।
गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाट भाजपा के साथ रहेंगे और दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार सत्ता में वापस लौटेगी। वहीं, गोवा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस के समर्थन को कम कर रही है और वोट बांट रही है, जो भाजपा की जीत का रास्ता तैयार करने का एक बड़ा कारण होगा। यूपी में पहले चरण के लिए गुरुवार को पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। जबकि, गोवा में एक ही चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
हिजाब विवाद पर क्या बोले मंत्री
कर्नाटक में दिसंबर से शुरु हुआ हिजाब पहनने का विवाद अब पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले पर गडकरी ने कहा कि ऐसी छोटी घटनाएं समाज के लिए अच्छी नहीं हैं, सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए है। खास बात है कि साक्षात्कार के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक के अपने दिनों का गाना ‘संस्कृति सबकी एक चिरंतन…’ भी दोहराया और कहा कि समाज में धार्मिक सद्भावना बनी रहनी चाहिए। कर्नाटक में सरकार के ड्रेस कोड के खिलाफ दायर याचिकाओं पर हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होनी है। साथ ही हिजाब विवाद के मुद्दे पर देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए।