UP Elections 2022: निर्भया केस की वकील सीमा कुशवाहा हुईं BSP में शामिल

विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जोड़तोड़ चरम पर है। साल 2012 में दिल्ली में हुए निर्भया कांड के आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाने वाली वकील सीमा कुशवाहा बीएसपी में शामिल हो गई हैं...

विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जोड़तोड़ चरम पर है। साल 2012 में दिल्ली में हुए निर्भया कांड के आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाने वाली वकील सीमा कुशवाहा बीएसपी में शामिल हो गई हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ‘निर्भया’ की वकील सीमा कुशवाहा ने बहुजन समाज पार्टी का दामन थाम लिया है। बीएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा ने निर्भया की वकील को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इस दौरान सतीश चंद्र मिश्रा ने फूल और बाबा साहेब की प्रतिमा देकर उनका बीएसपी में स्वागत किया। पार्टी की सदस्यता लेते ही सीमा कुशवाहा ने बहनजी मायावती को पांचवीं बार सीएम बनाने का संकल्प भी लिया।

इसे बसपा का बड़ा कदम बताया जा रहा है, क्‍योंकि पिछले काफी समय से सीमा कुशवाहा देशभर की लड़कियों की रोल मॉडल बनी हुई हैं। यही नहीं, निर्भया गैंगरेप पीड़िता के परिवार को न्‍याय दिलाने वाली सीमा सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं और इस वक्‍त आधा दर्जन ज्‍यादा दुष्कर्म पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है। इसमें हाथरस गैंगरेप का मामला भी शामिल है। माना जा रहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

सीमा कुशवाहा ऐसे बनी थीं निर्भया की वकील
बता दें कि यूपी के इटावा के एक छोटे से गांव में अभावों के बीच पली-बढ़ीं सीमा कुशवाहा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है। वहीं, जब‍ 12 दिसंबर 2012 को निर्भया के साथ दिल्ली में गैंगरेप की वीभत्स घटना हुई थी, तब वह दिल्ली हाईकोर्ट में प्रशिक्षण ले रही थीं। इस दौरान वह कई बार इस घटना के विरोध में हुए प्रदर्शनों में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्‍होंने निर्भया के गुनहगारों को सजा दिलवाने का संकल्प लेते हुए केस लिया था। यह, सीमा के करियर का यह पहला केस था। करीब सात साल 3 महीने से ज्यादा समय तक चली इस कानूनी लड़ाई में सीमा ने एक भी पैसा नहीं लिया। इस दौरान वह निचली अदालत से सुप्रीम कोर्ट तक निर्भया के दोषियों को फांसी के तख्ते तक पहुंचाने के लिए लगातार लड़ती रहीं और अंतत: उनको जीत मिली।

वैसे फेम इंडिया मैगजीन एशिया पोस्ट सर्वे ने सीएम कुशवाहा को 25 सशक्त महिलाएं-2020 की सूची में स्‍थान दिया था। वह 20वें स्थान पर रही थीं। यही नहीं, 10 जनवरी 1982 को जन्मी सीमा कुशवाहा का पूरा नाम सीमा समृद्धि कुशवाहा है। वह यूपी के इटावा जिले की ग्राम पंचायत बिधिपुर ब्लॉक महेवा के एक छोटे से गांव उग्रपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम बलदीन कुशवाहा और मां का नाम रामकुआंरी कुशवाहा। यही नहीं, उनके पिता बिधिपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान रह चुके हैं।

First Published on: January 20, 2022 6:32 PM
Exit mobile version