यूपी में बारिश का सिलसिला जारी, आज 60 की स्पीड से चलेगी आंधी


उत्तर प्रदेश में इन दिनों बारिश के बाद मौसम बदला हुआ हैं। बीते कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में कमी आई हैं और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज 6 मई को भी प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वांचल में 50-60 किमी की रफ़्तार से धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। जिससे लोगों को परेशानी हो सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक़ पश्चिमी यूपी में नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, मेरठ, आगरा समेत कई जिले में एक या दो जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान हैं। जबकि पूर्वांचल में गोरखपुर, महाराजगंज, बहराइच समेत 10 जिलों मे कुछ जगहों पर बारिश होगी। इन जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी हैं। प्रदेश में अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। हालांकि बारिश की रफ़्तार कल से कम होने लगेगी।

राजधानी लखनऊ में आज सुबह से मौसम साफ़ बना हुआ हैं और धूप निकलेगी लेकिन आसपास के जिलों में मौसम एक्टिव होने का असर यहां भी दिखाई दे सकता हैं। दोपहर बाद लखनऊ में कई जगहों पर धूल भरी आंधी और बिजली चमकने की संभावना है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता हैं। वहीं आगरा, कानपुर में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।

यूपी में आज गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और संत कबीर नगर में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान हैं, इन जिलों में बिजली की चमक के साथ 50-60 किमी की रफ़्तार से तेज आंधी चलेगी। इसके अलावा, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत बरेली, रामपुर, बिजनौर में भी तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है।

सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, ग़ाज़ियाबाद, शामली, नोएडा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, बदायूं, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाज़ीपुर, मऊ और बलिया में भी गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बीते कुछ दिनों में बारिश की वजह से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 7-10 डिग्री तक की कमी आई हैं।। लेकिन अब धीरे-धीरे तापमान में फिर से बढ़ने लगेगा। अगले सात दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में क्रमिक 6-8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि अगले 48 घंटों मे न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग ने तेज आंधी और बिजली चमकने के समय लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। इस दौरान किसी पेड़ या कच्ची दीवार का सहारा लेने से बचे और सुरक्षित स्थानों पर रहें।



Related