प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार को 304 व्यक्तियों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिससे यहां कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 17,321 पर पहुंच गई। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर जीएस बाजपेयी ने बताया कि मंगलवार को कोरोना संक्रमण से चार व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रयागराज में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की अब तक की कुल संख्या 244 हो गयी है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को 39 व्यक्तियों को उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दी दे गई। अभी तक 4109 व्यक्तियों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। वहीं 3,386 लोगों का इलाज चल रहा है। बाजपेयी ने बताया कि मंगलवार को 308 लोगों ने घर में पृथक-वास पूरा किया और अभी तक कुल 9582 लोग घर में पृथक-वास पूरा कर चुके हैं।
