शाहजहांपुर में 80 महिलाओं को बल्ब बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया

शाहजहांपुर जिले के कटरी क्षेत्र की 80 महिलाओं को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने बल्ब बनाने के लिए प्रशिक्षित किया है।

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर जिले के कटरी क्षेत्र की 80 महिलाओं को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने बल्ब बनाने के लिए प्रशिक्षित किया है।

शाहजहांपुर के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा शाहजहांपुर से शुरू की गई यह पहल अभूतपूर्व है, क्योंकि यह पहल आगे चलकर जब पूरे प्रदेश में फैलेगी तो हमें चीन जैसे देश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और हमारे यहां की बेरोजगार महिलाएं भी कुटीर उद्योग के रूप में व्यवसाय करके आत्मनिर्भर बनेंगी।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पहले चरण में शाहजहांपुर जिले से यह पहल शुरू की गई है। इसमें डकैतों के लिए कुख्यात रहे गंगा और रामगंगा के कटरी क्षेत्र की 80 महिलाओं का चयन करके लखनऊ के प्रशिक्षक द्वारा उन्हें प्रशिक्षण दिलाया गया है।’’

उन्होंने बताया कि इन महिलाओं को एलईडी बल्ब तथा त्योहारों में प्रयोग होने वाले बल्ब की झालर बनाना सिखाया गया है और इन्हें आर्थिक रूप से मदद भी की गई है। ये महिलाएं जो भी उत्पाद तैयार करेंगी, उन्हें बड़ी कंपनियां खरीदेंगी और उन्हें कच्चा माल भी उपलब्ध कराएंगी।

अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में इस योजना को पूरे प्रदेश में लागू करेंगे इसके बाद अन्य प्रदेशों में भी विस्तार किया जाएगा, जिससे मातृ शक्ति सशक्तिकरण को बल मिलेगा और महिलाएं सशक्त होंगी।

First Published on: October 23, 2021 1:15 PM
Exit mobile version