आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने फांसी लगाकर दी जान

बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र के परसहर गांव में आर्थिक तंगी से परेशान एक किसान ने खेत में लगे पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, किसान के बेटे शोभित ने पिता का शव फंदे में लटका देख पुलिस को सूचित किया।

कालिंजर थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि परसहर गांव में दो बीघे कृषि भूमि के किसान चंदा उर्फ चन्द्रभान (52) का शव शनिवार को खेत में लगे एक पेड़ पर फांसी के फंदे में लटकता हुआ बरामद किया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

शोभित के हवाले से पुलिस ने बताया कि चंदा आर्थिक तंगी से परेशान था, घरेलू खर्च को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी मामूली विवाद होने के बाद वह खेत चला गया था।

First Published on: April 11, 2021 12:46 PM
Exit mobile version